पटना। बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद से मिला। चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि इस मुलाकात का उद्देश्य जीएसटी से जुड़े विभिन्न मुद्दों की ओर डिप्टी सीएम का ध्यान आकृष्ट कराना था। इससे संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन उन्हें दिया गया है ताकि 17 सितंबर को जीएसटी काउंसिल की होने वाली बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा हो सके।
ज्ञापन में जीएसटी ट्रिब्यूनल का गठन, निबंधन को सहज बनाने, इनपुट टैक्स क्रेडिट की परेशानी को दूर करने एवं जीएसटीआर-1 फाइल करने के लिए सुधार का विकल्प देने की मांग की गई है ।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के विभिन्न मुद्दों पर भी डिप्टी सीएम से विचार-विमर्श किया। साथ ही राज्य के उद्यमी एवं व्यवसायियों के साथ विस्तृत चर्चा के लिए बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर आने का उन्हें निमंत्रण भी दिया। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, महामंत्री अमित मुखर्जी, कार्यकारिणी सदस्य आलोक पोद्दार, सुनिल सर्राफ, पशुपति नाथ पांडेय एवं अजय गुप्ता शामिल थे ।