पटना। गणेशोत्सव पर इस बार पटना में लालबाग के राजा का दरबार सजेगा। दारोगा प्रसाद राय पथ स्थित महाराष्ट्र मंडल के भवन में 10 सितंबर की सुबह 10.30 बजे प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पांच दिवसीय उत्सव में प्रत्येक दिन गणपति की विशेष सज्जा होगी।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव संजय भोंसले ने बताया कि पिछले 60 वर्षों से पटना में नियमित गणपति उत्सव मनाया जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण गत वर्ष का कार्यक्रम सामान्य ढंग से किया गया था। इस वर्ष भी कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए पूजा की जाएगी। लालबाग के राजा की प्रतिमा छह फीट की होेगी। पंडाल की प्रतिदिन विशेष सज्जा की जाएगी। इसके लिए कोलकाता से विशेष कारीगर आ रहे हैं। पूजा के लिए महाराष्ट्र से पंडित प्रशांत जहांगीरदार आएंगे।
11 सितंबर को हल्दी-कुमकुम का आयोजन होगा। इस दिन महिलाएं एक दूसरे को हल्दी-कुमकुम लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी। 14 सितंबर को गणपति बप्पा को नम आंखों से विदाई दी जाएगी। पांच दिनों में केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री, वरीय प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी एवं गण्यमान्य नागरिक गणपति को नमन करने आएंगे।
गणेशोत्सव की तैयारी के लिए दारोगा प्रसाद राय पथ स्थित कार्यालय में संस्था के अध्यक्ष वसंत सूर्यवंशी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें विजय पाटिल, विठ्ठल घोडके, शुभदा कुलकर्णी, डॉ कविता राऊत, शंकर किर्दत, महादेव कणशे, आनंद पवार, मल्लिकार्जुन आरले, राजेंद्र पवार, संतोष पवार, संतोष देवकर, प्रदीप पाटिल, अनिल गायकवाड, सुनिल शिंदे, अमोल जाधव, शिवाजी जाधव एवं संजय पाटिल उपस्थित हुए।