मुख्य समाचार

बिहार की टेक्सटाइल पॉलिसी आकर्षक, निवेशक करें तैयारी

पटना। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) से कहा है कि बिहार की टेक्सटाइल पॉलिसी काफी आकर्षक है। यह जब आएगी, तो बिहार में टेक्सटाइल उद्योग को तेजी से बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल और लेदर सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उद्योपति बिहार में निवेश के लिए तैयारी करें। हम बहुत जल्द एक आकर्षक पॉलिसी लेकर आ रहे हैं।

उद्योगमंत्री टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाओं पर चर्चा के लिए देश की शीर्ष इंडस्ट्री बॉडी सीआईआई के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के कपड़ा एवं हैंडलूम मंत्री पद्मिनी डियान, केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के सचिव यूपी सिंह, ओडिशा सरकार के टेक्सटाइल निदेशक ज्योतिप्रकाश दास, आदित्य बिरला ग्रुप के एमडी, सीआईआई नेशनल टेक्सटाइल के दिलीप गौर एवं अन्य वक्ता शामिल हुए।

सीआईआई को धन्यवाद देते हुए उद्योगमंत्री ने कहा कि इस मंच के जरिए देश के कपड़ा उद्योग से जुड़े तमाम स्टेकहोल्डर्स और उद्योगपतियों के सामने बिहार का पक्ष रखने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल सेक्टर की मौजूदगी लंबे समय से रही है। तसर सिल्क, बुनकरों के तैयार कपड़े एवं मधुबनी पेंटिंग से तैयार परिधान विश्वप्रसिद्ध हैं। 

बिहार में करीब एक लाख बुनकर हैं। ये बिहार में टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कोविड के दौर में करीब 15.29 लाख श्रमिक बिहार लौटे हैं। इनमें 56 प्रतिशत टेक्सटाइल सेक्टर में कार्य़रत थे। यह श्रमशक्ति बिहार में टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के सचिव यूपी सिंह ने पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया में शुरू रेडीमेड गार्मेंट्स कारोबार की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार आने वाले दिनों में एक नई मिसाल पेश करेगा। 


संबंधित खबरें