पटना। दो दिवसीय वाणिज्य उत्सव ’आर्थिक सशक्तिकरण, उभरता भारत‘ का आयोजन 21 सितंबर से पटना में होने जा रहा है। अधिवेशन भवन में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन कार्यक्रम और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। उत्सव का आयोजन वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, विदेश व्यापार महानिदेशालय एवं बिहार सरकार के सहयोग से हो रहा है।
भारतीय रेशम निर्यात संवर्धन परिषद (आईएसईपीसी) उत्सव के दौरान रेशम उत्पादों से रोजगार सृजन, निर्यात एवं उत्पादन की वर्तमान स्थिति एवं विदेश व्यापार महानिदेशालय वाणिज्य निर्यातक कैसे बनें विषय पर अपनी प्रस्तुति देगा।
वाणिज्य उत्सव के दूसरे दिन 22 सितंबर को राज्य सरकार का उद्योग विभाग अपनी गतिविधियों की जानकारी देगा। इस दौरान कृषि क्षेत्र में निर्यात, हस्तशिल्प, हस्तकरघा और खादी सेक्टर में निर्यात पर परिचर्चा की जाएगी। प्रमुख निर्यातक अपने अनुभव एवं विभिन्न उद्योग संघ कई मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
