पटना। मत्स्य पालकों के बीच डॉल्फिन के बचाव के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने एनआईटी घाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्घाटन विभाग के मंत्री नीरज कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह भी मौजूद थे। जागरूकता कार्यक्रम के साथ मत्स्य पालकों के बच्चों के बीच खेल प्रतियोगिता का आयोजन और उन्हें पुरस्कार भी दिया गया।

मंत्री ने अपने संबोधन में लोगों से डॉल्फिन को बचाने को अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से ही इनका बचाव होगा। राज्य सरकार इस कार्य के लिए आपको प्रोत्साहित करती रहेगी। प्रधान सचिव ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह धरती सभी की है। इस पर मानव के साथ अन्य जीव-जंतुओं का भी अधिकार है। इस अवसर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष, प्रभात कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय डॉल्फिन शोध केंद्र के गोपाल शर्मा एवं शशिकांत कुमार उपस्थित थे।