मुख्य समाचार

पटना एयरपोर्ट से 583 ग्राम सोने की बिस्किट जब्त

पटना। कस्टम विभाग की टीम ने पटना एयरपोर्ट से 583.60 ग्राम सोने की बिस्किट जब्त की है। इसका मूल्य 28 लाख 18 हजार 784 रुपए आंका गया है। पटना से बेंगलुरु जाने के क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति की जांच के दौरान सीआईएसएफ ने सोना मिलने की सूचना कस्टम विभाग को दी।

कस्टम विभाग की एंटी स्मगलिंग यूनिट ने तहकीकात के लिए अभियुक्त को पटना कस्टम मुख्यालय लाया। उसके मलाशय (रेक्टम) से 583.60 ग्राम सोने की बिस्किट बरामद की गई। कस्टम एक्ट के तहत केस दर्ज कर सोना जब्त कर लिया गया है। साथ ही इस तस्करी में शामिल अहमद अब्दुल हग को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कई जाली प्रमाणपत्र मिले हैं।

पटना कस्टम के वरीय अधिकारियों ने बताया कि तस्करी निरोधी अभियान को और सख्त किया जाएगा। इस कार्य में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में सामान की जब्ती, कस्टम ड्यूटी, फाइन पेनाल्टी की रिकवरी और संगीन मामलों में गिरफ्तारी शामिल है।

कस्टम विभाग ने अन्य विभाग रेलवे, पुलिस, सीमा सुरक्षा बल, सीआईएसफ, अन्य सरकारी संस्थाओं एवं राष्ट्रप्रेमियों से अपील की है कि वे राष्ट्रविरोधी तत्वों की ऐसी गतिविधियों की सूचना दें। सही सूचना देने वालों को उचित इनाम देने का भी प्रावधान है। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। विभाग का कहना है कि देश को आर्थिक क्षति पहुंचाने के प्रयास को रोकने के लिए पटना कस्टम की टीम पूरी तरह सक्षम है।              

 


संबंधित खबरें