पटना। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर कदमकुआं स्थित चरखा समिति (जेपी आवास) में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकनायक को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जयप्रकाश नारायण की धर्मपत्नी जयप्रभा को भी श्रद्धांजलि दी।
चरखा समिति (प्रभा-जयप्रकाश स्मृति संग्रहालय) स्थित पूरे परिसर का मुआयना कर मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में अपना संदेश लिखा। इस दौरान पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, महिला चरखा समिति की अध्यक्ष तारा सिन्हा, संचालिका शकुंतला मिश्रा एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर समिति में किसी प्रकार की समस्या होगी, तो उसका समाधान किया जाएगा। लोकनायक के विचारों को कभी भूलाया नहीं जा सकता है। हमलोग उन्हीं के विचारों के आधार पर आगे बढ़ते हुए काम कर रहे हैं। हमारा मकसद है कि नई पीढ़ी के लोग भी इन सब चीजों को जानें।
इधर, आयकर गोलंबर स्थित प्रतिमा स्थल पर आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकनायक को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, राज्यसभा सासंद सुशील कुमार मोदी, विधायक नंद किशोर यादव एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।