पटना। भीलवाड़ा में मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री से जुड़े उद्योगपतियों के साथ बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बैठक की। उन्होंने बिहार की प्रस्तावित टेक्सटाइल पॉलिसी से संबंधित प्रेजेंटेशन भी दिया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार और आसपास बहुत कुछ ऐसा है, जो इस राज्य को टेक्सटाइल सेक्टर के उद्योगों के लिए बेहद अनुकूल बनाता है। बिहार के पास प्रशिक्षित श्रमशक्ति भी है। उन्होंने कहा कि बिहार को टेक्सटाइल हब बनाने के लिए शीघ्र आकर्षक टेक्सटाइल पॉलिसी भी ला रहे हैं। बिहार की प्रचुर श्रम शक्ति और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर कंपनियां निर्माण लागत बेहद कम रखकर बाजार की प्रतिस्पर्धा में खुद को मजबूती से खड़ा कर सकती हैं।

संवाद कार्यक्रम में मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष जीसी जैन, महासचिव आरके जैन, संगम ग्रुप के चेयरमैन आरपी सोनी, रंजन ग्रुप के चेयरमैन डॉ पीएम बेस्वाल, नितिन स्पिनर्स के आर.एल.नोलखा, भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के अध्यक्ष अतुल शर्मा एवं सिंथेटिक वीविंग मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय पेरीवाल समेत कई उद्योगपति मौजूद रहे। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने भी टेक्सटाइल उद्योग की सभी संभावनाओं की जानकारी उद्योगपतियों को दी।