पटना। दरभंगा जिला के कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) और मुंगेर जिला के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 30 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत 49.59 रहा। कुशेश्वरस्थान में 49 प्रतिशत और तारापुर में 50.05 प्रतिशत वोट पड़े। मतगणना दो नवंबर को होगी।
इस तरह दोनों सीटों से 17 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। इनमें दो महिलाएं भी हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला जदयू और आरजेडी में ही है। कुशेश्वर स्थान विधानसभा क्षेत्र से जदयू के शशि भूषण हजारी और तारापुर से मेवालाल चौधरी विधायक थे। दोनों विधायकों के निधन के कारण ये सीट रिक्त थीं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दोनों सीट पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। 2020 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार वोटिंग 5.17 प्रतिशत कम हुई। 2020 में मतदान का प्रतिशत 54.76 था जबकि इस बार 49.59 प्रतिशत वोट पड़े।
2015 में भी 51.92 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। 2020 में कुशेश्वरस्थान में 54.43 और तारापुर में 55.08 प्रतिशत वोट पड़े थे। इस बार दोनों विधानसभा क्षेत्रों से करीब 5,84,395 मतदाता थे। कुशेश्वरस्थान में 716 और तारापुर में 401 मतदान केंद्र बनाए गए थे।