मुख्य समाचार

वरुण बेवरेजेज ने फ्रूट पल्प व डेयरी क्षेत्र में निवेश का दिया प्रस्ताव

पटना। वरुण बेवरेजेज ने बिहार में पेप्सी प्लांट के बाद लीची और आम के पल्प, आइसक्रीम और डेयरी प्रोडक्ट क्षेत्र में निवेश की रुचि दिखाई है। उद्योगपति सह कंपनी के अध्यक्ष रवि जयपुरिया ने उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से उद्योग भवन में मुलाकात कर संबंधित क्षेत्रों में निवेश के लिए बात की। रवि जयपुरिया जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पटना आए थे।

वरुण बेवरेजेज बेगूसराय जिला के बरौनी में सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी पेप्सी के लिए बॉटलिंग प्लांट का निर्माण कर रही है। प्लांट का काम फरवरी-मार्च में शुरू हो जाएगा। इससे करीेब छह से सात सौ लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।  

उद्योगपति रवि जयपुरिया से मुलाकात के बाद शाहनवाज हुसैन ने बताया कि मेरे उद्योग मंत्री बनने के बाद पहला निवेश प्रस्ताव पेप्सी प्लांट के लिए वरुण बेवरेजेज का था। पहली जमीन का आवंटन भी इसी प्लांट के लिए किया गया था।

उन्होंने बताया कि रवि जयपुरिया की कंपनी आर. जे. कॉरपोरेशन और वरुण बेवरेजेज बिहार में होटल और अस्पताल बिजनेस में निवेश कर चुकी है। होटल क्षेत्र में लेमन ट्री और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ नरेश त्रेहान के साथ जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल में रवि जयपुरिया निवेश कर चुके हैैं। अब इनकी तरफ से बिहार में निवेश का नया प्रस्ताव लीची और आम के पल्प के साथ आइसक्रीम और डेयरी उद्योग के लिए है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में हजार करोड़ और उससे ऊपर का निवेश करने वालों को रेड कारपेट वेलकम दिया जाएगा। वरुण बेवरेजेज कंपनी की अब तक की सभी कठिनाइयों को दूर कर दिया गया है।

 


संबंधित खबरें