मुख्य समाचार

पेट्रोल-डीजल के मूल्य घटे, केंद्र व बिहार सरकार ने कम किए टैक्स

पटना। लंबे समय से पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमत से आम लोगों को थोड़ी राहत मिली है। टैक्स में कमी के बाद बिहार में पेट्रोल का मूल्य प्रति लीटर 8.20 रुपए और डीजल का मूल्य 13.90 रुपए कम हो जाएगा। पटना में पेट्रोल का मूल्य अब 105.91 रुपए और डीजल का मूल्य 91.12 रुपए होगा।

पेट्रोल और डीजल की कीमत कम करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने अपने-अपने स्तर से कोशिश की है। तेल की कीमत में वृद्धि का असर आवश्यक सामान की कीमत पर पड़ रहा है। हाल के दिनों में सभी सामान के मूल्य में 15 से 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में क्रमशः पांच और दस रुपए प्रति लीटर की कमी की है। इधर, बिहार सरकार ने भी पेट्रोल और डीजल पर वैट दरों में क्रमशः 3.20 और 3.90 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है।

दीपावली के मौके पर इन प्रयासों से लोगों को थोड़ा सुकून तो मिलेगा, लेकिन अभी भी पेट्रोल-डीजल के मूल्य अधिक हैं। तेल के बेस प्राइस पर लगने वाले करों को और कम करने की जरूरत है।   


संबंधित खबरें