नई दिल्ली। राष्ट्रीय प्रेस दिवस (16 नवंबर) पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने देश के पत्रकारों को बधाई दी है। पत्रकारों के लिए एक संदेश में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार ने नागरिक केंद्रित संवाद पर जोर दिया है। लोगों तक उनकी भाषा में संवाद पहुंचाने में टीवी समाचार, रेडियो, ऑनलाइन डिजिटल मीडिया या सोशल मीडिया जैसे प्लेटफॉर्म की भूमिका रही है।
उन्होंने कहा राष्ट्रीय प्रेस दिवस भारत के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने में मीडिया और प्रेस की भूमिका को दर्शाने का दिन है। मीडिया एक प्रहरी है और भारत जैसे एक सशक्त लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस दिन मैं अपने मीडिया के मित्रों से अफवाह और फर्जी खबरों के खतरे को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान करता हूं।