पटना। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 12,515 लाभुकों में सांकेतिक तौर पर चार को घर की चाबी सौंपी। चाबी पाने वालों में मंजू देवी, सुशीला देवी, संजीदा परवीन एवं शमीमा खातून हैं।
नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने रिमोट के जरिए पटना स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत 12 योजनाओं का उद्घाटन एवं 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। शिलान्यास में पटना के मंदिरी नाला का विकास कार्य भी शामिल है। साथ ही विभिन्न जिलों में 15 योजनाओं का उद्घाटन एवं कई योजनाओं का शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए तेजी से काम करना है। सरकार विकास कार्यों को और तेजी से करेगी ताकि बिहार विकसित राज्य बन सके।
कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत लाभान्वित 479 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) में सांकेतिक तौर पर तीन को ऋण के रूप में राशि दी गई। 479 एसएचजी में 5 करोड़ 81 लाख 50 हजार ऋण राशि वितरित की गई।
तीन स्वयं सहायता समूहों में नगर निगम बेतिया से शिवगुरु आजीविका को पांच लाख रुपये का चेक, नगर परिषद नवादा से सहायता को 1.5 लाख एवं नगर परिषद मसौढ़ी से भवानी आजीविका समूह को 1.5 लाख रुपये का चेक मिला। कॉमन सर्विस सेंटर के संचालन के लिए सांकेतिक रूप से एसएचजी की इंदू श्रीवास्तव एवं सविता कुमारी को प्रमाणपत्र दिया गया। विभिन्न जिलों के 2250 स्वयं सहायता समूहों में कॉमन सर्विस सेंटर शुरू की गई है।
कार्यक्रम को डिप्टी सीएम सह नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद, मंदिरी नाला कार्यक्रम स्थल से पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन एवं प्रधान सचिव आनंद किशोर ने भी संबोधित किया।