नई दिल्ली/पटना। देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत हेलीकॉप्टर क्रैश में कुन्नूर के निकट (तमिलनाडु) हो गई। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी मधुलिका रावत एवं अन्य 11 लोगों की भी मौत हो गई। 63 वर्षीय जनरल रावत नीलगिरी स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंग्टन में एक कार्यक्रम में शामिल होने हेलीकॉप्टर से जा रहे थे। वहां पहुंचने से पहले ही दुर्घटना हो गई।

भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर में क्रू मेंबर समेत 14 लोग सवार थे। इस हादसे से पूरे देश में शोक छा गया है। उत्तराखंड के रहने वाले जनरल रावत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ पद पर एक जनवरी 2020 से कार्यरत थे। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्तमंत्री निर्मला सीमारमण, गृह मंत्री अमित शाह, कई केद्रीय मंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।