मुख्य समाचार

मुजफ्फरपुर में कैंसर हॉस्पिटल का निर्माण मार्च 2026 तक

पटना/नई दिल्ली। मुजफ्फरपुर में कैंसर हॉस्पिटल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज-अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर में बनने वाले हॉस्पिटल का निर्माण मार्च, 2026 तक पूरा होने का अनुमान है। इसके लिए बिहार सरकार ने 15 एकड़ जमीन परमाणु ऊर्जा विभाग एवं टाटा मेमोरियल सेंटर को उपलब्ध करा दी है। साथ ही 100 करोड़ राशि देने का भी निर्णय लिया है।

राज्यसभा में प्रधानमंत्री कार्यालय एवं कार्मिक मंत्रालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने सांसद एवं पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के सवाल पर यह जानकारी दी। मुजफ्फरपुर में 198.15 करोड़ की लागत से 100 बेड के कैंसर अस्पताल की स्वीकृति 2018 में दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि टाटा मेमोरियल केंद्र ने 1 फरवरी, 2021 से 50 बेड का मॉड्यूलर हॉस्पिटल एसकेएमसीएच परिसर में शुरू किया है।

यहां अभी तक 120 बड़ी एवं 400 छोटी सर्जरी और 4500 कीमोथेरेपी की गई है। प्रतिदिन 120 नए रोगी ओपीडी में इलाज कराते है। कोविड महामारी की वजह से अक्टूबर तक केवल 5.21 करोड़ राशि खर्च हुई है।

निबंधन में चौथे स्थान पर बिहार : एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने बताया कि ई-श्रम पोर्टल पर अभी तक बिहार के 1 करोड़ 10 लाख श्रमिकों ने निबंधन कराया है। पूरे देश में बिहार निबंधित मजदूरों की संख्या में चौथे स्थान पर है।

 

 


संबंधित खबरें