पटना। पद्मश्री एवं प्रख्यात साहित्यकार उषा किरण खां ने अभी मैं जिंदा हूं ..गौरैया किताब का विमोचन किया। किताब के लेखक गौरैया संरक्षण के लिए लंबे समय से सक्रिय एवं प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, पटना के सहायक निदेशक संजय कुमार हैं।

इस मौके पर उषा किरण खां ने कहा कि यह पुस्तक विलुप्त होती बिहार की राजकीय पक्षी गौरैया के संरक्षण की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। गुम होती गौरैया को खेतों में कीटनाशक का प्रयोग, तेजी से कंक्रीट के बनते भवन और पानी के अभाव ने हमसे दूर कर दिया है। गौरैया संरक्षण के उपाय हमें खोजने होंगे। इस विषय पर यह पुस्तक हमें सुखद एहसास कराती है।
उन्होंने कहा कि बचपन की साथी गौरैया के संरक्षण से बच्चों और युवाओं को जोड़ना होगा। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ गोपाल शर्मा, पीआईबी पटना के निदेशक दिनेश कुमार एवं लेखक - पत्रकार डॉ ध्रुव कुमार, पत्रकार डॉ लीना एवं निशांत रंजन ने भी अपने विचारों को व्यक्त किया।