पटना। अधिक ठंड की वजह से पटना जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। 21 दिसंबर (मंगलवार) से सभी स्कूलों के खुलने का समय सुबह नौ बजे से होगा। जिला प्रशासन के आदेश में कहा गया है कि बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है।
जिले के सभी स्कूलों में सुबह नौ बजे से पहले एवं दोपहर 3:30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश 21 दिसंबर से प्रभावी होगा। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को आदेश का पालन कराने का निर्देश दिया है।
