पटना। विकास आयुक्त आमिर सुबहानी बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। वर्तमान मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण 31 दिसंबर, 2021 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्हें तीन-तीन माह का दो बार सेवा विस्तार मिला है। आमिर सुबहानी इस पद पर 30 अप्रैल,2024 तक रहेंगे। समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अतुल प्रसाद को विकास आयुक्त की जिम्मेवारी दी गई है।
राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें 50 भारतीय पुलिस सेवा एवं 28 प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
संदीप पौंड्रिक समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव बनाए गए हैं। उनके पास योजना एवं विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। संजय अग्रवाल जल संसाधन विभाग के सचिव होंगे। उन्हें आयुक्त, पटना प्रमंडल के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, लेकिन परिवहन एवं आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि को पटना प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह पटना के डीएम रह चुके हैं। गया के डीएम अभिषेक सिंह को बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) के एमडी पद पर ट्रांसफर किया गया है।
कृषि विभाग के निदेशक राजीव रौशन को दरभंगा का डीएम, दरभंगा के डीएम त्यागराजन एसएम को गया, सहरसा के डीएम कौशल कुमार को सुपौल, नालंदा के डीएम योगेंद्र सिंह को समस्तीपुर, सहकारिता विभाग में संयुक्त सचिव आनंद शर्मा को सहरसा एवं समस्तीपुर के डीएम शशांक शुभंकर को नालंदा का डीएम बनाया गया है।
दरभंगा के नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा को जेल आईजी एवं बांका के डीडीसी रवि प्रकाश को निदेशक, प्राथमिक शिक्षा के पद पर पदस्थापित किया गया है।