मुख्य समाचार

31 दिसंबर तक 5.89 करोड़ आयकर रिटर्न दाखिल

नई दिल्ली। आयकर विभाग के नए ई-फाइलिंग पोर्टल पर 31 दिसंबर, 2021 तक लगभग 5.89 करोड़ आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए गए। आकलन वर्ष 2021-22 के लिए बढ़ाई गई अंतिम तिथि 31 दिसंबर,2021 को 46.11 लाख से भी अधिक रिटर्न फाइल किए गए। विभाग ने इसके लिए करदाताओं, टैक्स प्रैक्टिशनर, टैक्स प्रोफेशनल और अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सीबीडीटी का कहना है कि आकलन वर्ष 2020-21 के लिए आईटीआर के लिए बढ़ाई गई अंतिम तिथि 10 जनवरी 2021 तक दाखिल आईटीआर की संख्या 5.95 करोड़ थी। 10 जनवरी 2021 को 31.05 लाख आईटीआर दाखिल किए गए थे, जबकि 31 दिसंबर 2021 को 46.11 लाख से भी अधिक आईटीआर दाखिल हुए।

पोर्टल पर करदाताओं की सहायता के लिए हेल्पडेस्क से 16,850 फोन कॉल और 1467 चैट का जवाब दिया गया। इसके अलावा विभाग अपने ट्विटर हैंडल पर करदाताओं एवं प्रोफेशनलों के साथ सक्रिय रूप से संवाद करता रहा है। सिर्फ 31 दिसंबर, 2021 को करदाताओं और प्रोफेशनलों के 230 से भी अधिक ट्वीट्स का जवाब दिया गया।

31 दिसंबर तक दाखिल 5.89 करोड़ रिटर्न में आईटीआर 1 की संख्या 2.92 करोड़, 54.8 लाख आईटीआर 2, 71.05 लाख आईटीआर 3, 1.60 करोड़ आईटीआर 4, 7.66 लाख आईटीआर 5, 2.58 लाख आईटीआर 6 एवं 0.67 लाख आईटीआर 7 हैं।

इनमें 45.7 प्रतिशत से भी अधिक रिटर्न पोर्टल पर ऑनलाइन आईटीआर फॉर्म का उपयोग करके दाखिल किए गए हैं। शेष ऑफलाइन सॉफ्टवेयर सुविधाओं से सृजित आईटीआर का उपयोग करके अपलोड किए गए हैं।

 


संबंधित खबरें