पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक की घटना पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण प्रधानमंत्री को यात्रा स्थगित कर वापस दिल्ली लौटना पड़ा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में इस तरह की चूक चिंताजनक, निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की राज्यों की यात्रा के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्यों का दायित्व है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। प्रावधान के अनुसार पंजाब सरकार को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करना चाहिए था। भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। इसे ध्यान में रखते हुए दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।