नई दिल्ली। गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह की शहादत की याद में इस वर्ष से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। यह साहिबजादों की साहस और न्याय के प्रति उनके संकल्प के लिए उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि वीर बाल दिवस उस दिन मनाया जायेगा, जिस दिन साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी एक दीवार में जिंदा चुनवाये जाने के कारण शहीद हुए थे। इन दोनों महान बालकों ने धर्म के नेक सिद्धांतों से विचलित होने की बजाय मृत्यु का वरण किया।
माता गुजरी, श्री गुरु गोविंद सिंह और चार साहिबजादों की वीरता तथा आदर्श लाखों लोगों को शक्ति प्रदान करते हैं। वे अन्याय के आगे कभी नहीं झुके। उन्होंने एक ऐसे विश्व की कल्पना की, जो समावेशी और सामंजस्यपूर्ण हो। यह समय की मांग है कि अधिक से अधिक लोग उनके बारे में जानें।
प्रधानमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन और संदेश लाखों लोगों को शक्ति देता है। मैं हमेशा इस तथ्य को संजो कर रखूंगा कि पटना में हमारी सरकार को उनके 350वें प्रकाश उत्सव को मनाने का अवसर मिला है।