पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व पर समस्त प्रदेशवासी एवं देशवासियों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी का पर्व लोगों के लिए सुख,शांति और समृद्धि लाएगा। इन पर्वों का सांस्कृतिक महत्व भी है। लोग हर्षोल्लास, पारस्परिक स्नेह एवं सौहार्द के साथ इन पर्वों को मनाएं।
मकर संक्रांति के पावन स्नान के बाद लोग चूरा, दही, तिलकुट खाते और खिलाते हैं। इससे परस्पर प्रेम और सद्भाव बढ़ता है। नई फसल घर आने की खुशी में लोहड़ी पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का सचेत रहना जरूरी है। अपनी तरफ से पूरी सावधानी बरतें। कोरोना संक्रमण से बचाव का सबसे अच्छा उपाय मास्क का प्रयोग एवं सोशल डिस्टेंसिंग है।