मुख्य समाचार

उत्साह के साथ मनाया गया वैश्विक सूर्य नमस्कार

नई दिल्ली। तन-मन को स्वस्थ और कोविड काल में खुद को सुरक्षित रखने के लिए देश-विदेश के एक करोड़ से अधिक लोगों ने सूर्य नमस्कार किया। आयुष मंत्रालय का पहला वैश्विक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार की 12 मुद्राओं को प्रदर्शित किया गया।  

कोविड नियमों का पालन करते हुए भारत में कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोणोवाल और राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई ने वर्चुअल तरीके से की। इस मौके पर बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्री रविशंकर, सद्गुरु जग्गी वासुदेव और देश-विदेश से कई बड़ी हस्तियां जुड़ीं।

इस दौरान केंद्रीय आयुष मंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति पर्व पर सूर्य अपना पथ बदलकर उत्तरायण में प्रवेश करते हैं। इसे भारतीय परंपरा में शुभ माना जाता है। इसलिए सूर्य की उपासना भारत में भक्ति भावना से की जाती है। योग परंपरा में सूर्य आराधना को सूर्य नमस्कार के ज़रिए लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए किया जाता है।

योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि सूर्य नमस्कार के प्रति लोगों को जागरूक करना एक बहुत बड़ा आंदोलन है। सूर्य नमस्कार में सिर्फ कोरोना का ही नहीं बल्कि कई शारीरिक-मानसिक समस्याओं का समाधान भी है।

आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री रविशंकर ने कहा कि इस दिन सूर्य नमस्कार करने से हम सूर्य की ऊर्जा से एक नया इतिहास रच सकते हैं। विश्व को सूर्य की ऊर्जा के उपयोग का मंत्र भी भारत ने ही दिया है। सूर्य की ऊर्जा से हमारे भीतर रोग निरोधक शक्ति जागती है, जो हमें इस वैश्विक महामारी से बचा सकती है।

ईशा फाउंडेशन के संस्थापक जग्गी वासुदेव सद्गुरु ने कहा कि संसार में सब कुछ सूर्य की ऊर्जा से ही संचालित होता है। रोजाना सूर्य नमस्कार करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।

मिस वर्ल्ड जापान 2021 तमाकी होशी भी वर्चुअली जुड़ीं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की यह पहल महामारी के दौर में हर इंसान के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रही है। जापान में भी बड़ी संख्या में लोग सूर्य नमस्कार कर रहे हैं। कई लोग योग को प्रतिदिन अपनी दिनचर्या में शामिल कर चुके हैं।

इटली योग संस्थान की अध्यक्ष डॉ एंटोनिटा रोजी ने भी सूर्य नमस्कार कर लोगों से स्वस्थ रहने की अपील की। अमेरिकन योग अकादमी के अध्यक्ष डॉ इंद्रनील बसु रॉय एवं सिंगापुर योग संस्थान के सदस्य भी इस कार्यक्रम में वर्चुअल जुड़े।

एमडीएनआईवाई के निदेशक ईश्वर बसवारेड्डी ने कहा कि सूर्य नमस्कार हमारे श्वसन तंत्र को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाता है। इस यौगिक क्रिया से हम कई बीमारियों से मुक्त रह सकते हैं।

 


संबंधित खबरें