नई दिल्ली। इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी। जब तक प्रतिमा पूरी नहीं होती है, तब तक वहां उनकी एक होलोग्राम प्रतिमा लगेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा है कि ऐसे समय में जब पूरा देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि ग्रेनाइट से बनी उनकी यह भव्य प्रतिमा इंडिया गेट पर स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा उनके प्रति भारत के आभार की प्रतीक होगी।
जब तक नेताजी की भव्य प्रतिमा पूरी नहीं हो जाती है तब तक उनकी होलोग्राम प्रतिमा उसी स्थान पर मौजूद रहेगी। मैं 23 जनवरी को नेताजी की जयंती पर इस होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करूंगा।