पटना/नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड ने छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नॉन टेक्निकल पॉपुलर केटेगरिज (एनटीपीसी) के पहले चरण के परिणाम की समीक्षा के लिए एक हाई पॉवर कमिटी का गठन किया है। पांच सदस्यीय कमिटी दीपक पीटर की अध्यक्षता में कार्य करेगी। कमिटी 14-15 जनवरी 2022 को जारी कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के परिणाम पर उम्मीदवारों की शंकाओं पर गौर करेगी।
इसके साथ ही बोर्ड ने 15 फरवरी, 2022 से शुरू हो रहे एनटीपीसी के दूसरे चरण के सीबीटी और 23 फरवरी सेे शुरू हो रहे सीईएन आरआरसी 01/2019 के पहले चरण के सीबीटी को भी स्थगित कर दिया है।
उम्मीदवार अपनी शिकायतों को 16 फरवरी तक समिति के ईमेल आईडी rrbcommittee@railnet.gov.in पर भेज सकते हैं। कमिटी शिकायतों की जांच के बाद चार मार्च तक अपनी सिफारिश बोर्ड को भेजेगी।
बोर्ड ने एनटीपीसी पहले चरण का परिणाम 14-15 जनवरी को जारी किया था। छात्रों ने परीक्षा परिणाम में गड़गड़ी का आरोप लगाया है। इसके विरोध में दो दिनों से छात्रों का बिहार के कई जिलों में उग्र प्रदर्शन जारी है। रेलवे संपत्ति को नुकसान एवं रेल परिचालन में व्यवधान के मामले सामने आए हैं।