मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाज सुधार अभियान के दौरान नशाबंदी पर अपने लोकगीत से मशहूर हुई लोक गायिका इंदु देवी के घर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन पहुंचे। मुजफ्फरपुर के सकरी स्थित अपने घर पर मंत्री को देखकर इंदु देवी भावुक हो उठीं। इंदु देवी ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि कोई मंत्री उनकी कुटिया पर आएंगे। उद्योग मंत्री ने इंदु देवी के हाथ की बनी चाय भी पी।
इंदु देवी के घर की स्थिति देखकर शाहनवाज हुसैन भी भावुक हो गए। उन्होंने डीएम को फोन कर इंदिरा आवास की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही इंदु देवी के बेटे की बेहतर पढ़ाई के लिए कोचिंग की भी व्यवस्था कर दी।
लोक गायिका ने उन्हें वह लोकगीत भी सुनाया, जिससे वह पूरे देश में सुर्खियां बटोर रही हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि शराबबंदी और नशाबंदी अभियान से महात्मा गांधी का स्वच्छ समाज का सपना साकार हो रहा है। लोक गायिका इंदु देवी अपने गीत से समाज में जागरूकता फैलाकर नए बिहार के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा रही हैं।
