मुख्य समाचार

एमएसएमई को बूस्ट देगा बजट, बिहार को भी मिलेगा लाभ : शाहनवाज

पटना। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बजट को देश की आर्थिक तरक्की सुनिश्चित करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि बजट के प्रावधान से बिहार को भी काफी फायदा होगा। बजट में सूक्ष्म, लघु औऱ मध्यम उद्योग (एमएसएमई) के विकास के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। इससे पूरे देश के साथ बिहार के भी उद्योग और एमएसएमई को जबरदस्त बूस्ट मिलेगा और आर्थिक तरक्की सुनिश्चित होगी।

बजट में गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के साथ साथ हर तबके के लोगों के समग्र विकास की चिंता की गई है। रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए बजट में आधारभूत संरचना के विकास पर पूरा जोर दिया गया है। पीएम गति शक्ति प्लान के अंतर्गत देश में 25 हजार किलोमीटर हाइवे का निर्माण किया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने कहा कि चार सौ नई जेनरेशन की वंदेभारत ट्रेन अगले तीन साल के दौरान निर्मित की जाएंगी। एक सौ प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गाे टर्मिनल भी इस दौरान डेवलप किए जाएंगे। गति शक्ति मास्टर प्लान के तहत कार्यों के लिए 20 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे साठ लाख नए रोजगार का सृजन होगा।

25 हजार किमी हाईवे निर्माण का फायदा बिहार को भी मिलेगा। हाईवे के विस्तार और अन्य प्रावधानों से बिहार में उद्योगों के विकास को बल मिलेगा तो पूरे देश के साथ बिहार में भी लाखों रोजगार पैदा होंगे।

बजट में 130 लाख एमएसएमई के लिए इमरजेंसी क्रेडिट लिंक्ड गारंटी स्कीम के तहत अतिरिक्त क्रेडिट मार्च 2023 तक बढ़ाई गई है। इसके तहत 50 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे पांच लाख करोड़ का कवर एमएसएमई को मिलेगा। कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित एमएसएमई को मजबूती देने में इमरजेंसी क्रेडिट लिंक्ड गारंटी स्कीम ने बड़ी भूमिका निभाई है। इसका लाभ बिहार के उद्योगों को भी मिला है।

एमएमएसई सेक्टर के ग्रोथ के लिए छह हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। टेक्सटाइल, लेदर व अन्य सेक्टर को आगे बढ़ाने की भी व्यवस्था की गई है। बिहार के संदर्भ में ये उपाय फायदेमंद साबित होंगे।

 


संबंधित खबरें