पटना। पुणे के यरवदा इलाके में शास्त्रीनगर के समीप एक निर्माणाधीन मॉल का स्लैब गिरने से बिहार के पांच श्रमिकों की मौत हो गई। सभी कटिहार जिले के हैं। हादसे में पांच श्रमिक घायल हैं। घटना तीन फरवरी की देर रात की है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपए अनुदान देने की घोषणा की है। साथ ही घायल लोगों को 50-50 हजार रूपए देेने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सभी मृतक कटिहार जिले के बारसोई, आजम नगर और बलिया बेलोन के रहने वाले थे। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि मृतकों के शव को उनके परिजनों को सौंपने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए एवं घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था हो।