मुख्य समाचार

पटना से गुवाहाटी के लिए जलमार्ग सेवा शुरू

पटना। पटना से पांडु (गुवाहाटी) के लिए जलमार्ग सेवा शुरू हो गई। इससे बिहार की व्यावसायिक गतिविधियों को एक नई ताकत मिलेगी। फिलहाल अनाज की आवाजाही शुरू हुई है। गायघाट टर्मिनल पर कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने किया। इस अवसर पर सारण जिले के कालू घाट में एक इंटर मॉडल टर्मिनल निर्माण की आधारशिला भी रखी गई। इसके बने जाने से कालू घाट कोलकाता पोर्ट से सीधे जुड़ जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल एवं बांग्लादेश के जलमार्ग मंत्री खालिद मोहम्मद चौधरी वर्चुअल रूप से जुड़े रहे। कार्यक्रम को केंद्रीय जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे एवं शांतनु ठाकुर, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, सांसद रविशंकर प्रसाद एवं विधायक नंदकिशोर यादव ने संबोधित किया।

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के चेयरमैन संजय बंधोपाध्याय, निदेशक अरविंद कुमार समेत प्राधिकरण के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पटना से पांडू (गुवाहाटी) तक माल ढुलाई का वैकल्पिक मार्ग शुरू हुआ है। इसका सबसे बड़ा फायदा बिहार को मिलेगा। बिहार में सालों भर पानी रहने वाली नदियों की भरमार है। जल संपदा हमारी विरासत है।

उन्होंने कहा कि जलमार्ग से माल ढुलाई रेलवे और सड़क मार्ग की अपेक्षा सस्ती है एवं पर्यावरण की दृष्टि से भी अनुकूल है। जल परिवहन का उद्देश्य कच्चे और तैयार माल के परिवहन के लिए एक वैकल्पिक मार्ग खोलना है। साथ ही उत्तर पूर्व क्षेत्र के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना भी है।

 


संबंधित खबरें