मुख्य समाचार

सात फरवरी से खुल जाएंगे सभी शिक्षण संस्थान

पटना। कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थान सात फरवरी से खुल जाएंगे। आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल 50 प्रतिशत क्षमता तथा नौवीं एवं ऊपर की कक्षाओं से संबंधित सभी स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग संस्थान शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुल सकेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई क्राइसिस मैंनेजमेंट ग्रुप (सीएमजी) की बैठक में ये निर्णय लिए गए।

सभी दुकान, प्रतिष्ठान, शॉपिंग मॉल एवं धार्मिक स्थल भी सामान्य रूप से संचालित होंगे। सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्टेडियम, स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकानें पचास प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकेंगी। पार्क एवं उद्यान सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक खुले रहेंगे।
 
सरकारी कार्यालय भी प्रतिदिन सामान्य रूप से खुलेंगे। जिला प्रशासन की अनुमति से सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। विवाह समारोह, अंतिम संस्कार एवं श्राद्ध कार्यक्रम में अधिकतम दो सौ व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।

मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मास्क के उपयोग के साथ सामाजिक दूरी का पालन आवश्यक है।

 


संबंधित खबरें