पटना। बिहार स्टार्टअप कॉनक्लेव 2022 का आयोजन 12 मार्च को ज्ञान भवन में होगा। बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) उद्योग विभाग के मार्गदर्शन में अपना वार्षिक कार्यक्रम कर रहा है। कॉनक्लेव के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने बताया कि कॉनक्लेव में देश से सफल उद्यमी एवं स्टार्टअप के साथ लगभग सात सौ स्टार्टअप के भाग लेने की संभावना है।
इस मौके पर बीआईए अपने बिजनेस प्लान प्रतियोगिता में चयनित बिजनेस आईडिया को पुरस्कृत करेगा। प्रतियोगिता के लिए एक दिसंबर से 31 दिसंबर, 2021 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया था।
बिहार के साथ पूर्वी भारत से आठ सौ आवेदन बिजनेस आइडिया के साथ प्राप्त हुए हैं। इनमें पचास शीर्ष बिजनेस आइडिया के कई पैमाने को आधार मानकर चयनित किया गया है। चयनित आवेदकों को बीआईए अपने इन्क्यूवेशन सेंटर के साथ संबद्ध कर सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करायेगा।