मुख्य समाचार

औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना होंगे मजबूत : शाहनवाज

पटना। राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना उद्योग विभाग की प्राथमिकता सूची में है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर स्थित बेला औद्योगिक क्षेत्र के लिए 115 करोड़ राशि आवंटित की गई है। साथ ही हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र को भी मॉडल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए 150 करोड़ की कार्य योजना पर काम चल रहा है। यह जानकारी उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने दी। वह बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन परिसर में स्नेह मिलन सह उद्योग संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उद्योग मंत्री ने बिहार के उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों को गुजरात की तरह विकसित किया जाएगा। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में बनने जा रहा मेगा फूड पार्क अनूठा होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग इनोवेटिव एवं परिश्रमी होते हैं। उनकी क्षमताओं का सही इस्तेमाल हो इसके लिए राज्य के स्टार्टअप एवं एमएसएमई नीति में बहुत बड़ा बदलाव शीघ्र दिखेगा।

राज्य की अलग टेक्सटाइल एवं लेदर नीति के साथ लॉजिस्टिक नीति लाने पर भी काम चल रहा है। उद्यमियों की सहूलियत के लिए इसी माह सिंगल विंडो सिस्टम भी राज्य में पूरी तरह से कार्यरत कर दिया जाएगा। उन्होंने नेशनल स्टार्ट अप सीड फंड स्कीम के अंतर्गत बीआईए के वेंचरपार्क के लिए तीन करोड़ की स्वीकृति की सराहना की। साथ ही यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार भी तीन करोड़ का मैचिंग ग्रांट देगी।

उद्योग मंत्री ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का ब्योरा भी दिया। उन्होंने बताया कि वे पूरे देश में घूम-घूम कर बिहार की ब्रांडिंग कर रहे है। हमारा नारा मेक इन बिहार है। बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने राज्य में औद्योगीकरण की गति को बढ़ाने एवं उद्यमियों की समस्याओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में बीआईए के अरविंद कुमार सिंह, सुबोध कुमार गोयल, भरत अग्रवाल, मनीष कुमार तिवारी, केपीएस केशरी, रामलाल खेतान, जीपी सिंह एवं सुनिल कुमार सिंह समेत एसोसिएशन के सदस्य एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

 


संबंधित खबरें