मुख्य समाचार

34 शहीदों की याद में हर वर्ष होगा राजकीय समारोह

मुंगेर / पटना। देश की आजादी के दौरान मुंगेर जिला के तारापुर में 15 फरवरी, 1932 को एक साथ 34 लोग शहीद हुए थे। इन शहीदों की याद में प्रत्येक वर्ष 15 फरवरी को तारापुर शहीद स्मारक पर राजकीय समारोह का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हमें शहीदों को याद रखना है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शहीद स्मारक तारापुर में अमर शहीदों की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री ने पटना में शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को तारापुर के शहीदों के बारे में बच्चों को जानकारी देने के लिए कहा जाएगा। इससे नई पीढ़ी को आजादी के घटनाक्रम की जानकारी होगी और उन्हें गौरव महसूस होगा। शहीद की मूर्तियों को लगाने के लिए 7 सितंबर, 2018 से प्रतिमा निर्माण कार्य शुरू हुआ  है।

इसके लिए 77 लाख 50 हजार राशि स्वीकृत की गई। जिन 21 शहीदों के नाम की जानकारी नहीं मिली है। उन शहीदों की सांकेतिक मूर्ति निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 45 लाख 67 हजार राशि की स्वीकृति दी गई है।

कार्यक्रम को तारापुर से पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी एवं विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार निवास, नई दिल्ली से डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं पटना से भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह ने भी संबोधित किया।

 


संबंधित खबरें