पटना। राजधानी के गांधी घाट पर प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को गंगा महाआरती की जाएगी। सूर्यास्त के बाद महाआरती शुरू होगी। इस अवसर पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात एवं विधि-व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य पर्यटन विकास निगम गांधी घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष का निर्माण करेगा। डीएम एवं एसएसपी के निर्देश में कहा गया है कि एनआइटी गेट से गांधी घाट की ओर पुलिस, प्रशासन एवं आवश्यक सेवा के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
वाहनों की पार्किंग सड़क के किनारे एवं खाली स्थानों पर सिलसिलेवार ढंग से कराई जाएगी। महाआरती के दौरान सरकारी मोटरवोट को छोड़कर गंगा में नाव का परिचालन बंद रहेगा। इस अवसर पर बिजली की आपूर्ति, सफाई, पेयजल, अग्निशमन एवं ड्रॉप गेट की व्यवस्था, सुरक्षा जांच, कोविड प्रोटोकॉल एवं नियंत्रण कक्ष की सुदृढ़ व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया है।