पटना। बिहार कृषि निवेश प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत सुरू फूड को कैपिटल सब्सिडी की पहली किस्त के रूप में 17,47,500 राशि मिली है। सुरू फूड मोतिहारी जिला के अरेराज में है। दो दिवसीय बागवानी महोत्सव (26-27 फरवरी) के उद्घाटन के मौके पर यह राशि मुख्यमंत्री के मुख्य परामर्शी अंजनी कुमार सिंह एवं कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने दी। आयोजन राजधानी के वीर कुंवर सिंह पार्क में किया गया।
सीएम के मुख्य परामर्शी ने कहा कि बागवानी के क्षेत्र में बिहार अग्रणी है। वैसी बागवानी फसल जो पहले बिहार में नहीं होती थी। आज किसान वैसी फसलों को लगाने के साथ दूसरे किसानों को प्रेरित भी कर रहे हैं। इस तरह के आयोजन से किसानों का मनोबल बढ़ता है।
राज्य में 13.30 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी फसल की खेती होती है। सब्जी उत्पादन में बिहार का देश में तीसरा एवं फल उत्पादन में छठा स्थान है। कृषि उत्पाद मूल्य संवर्द्धन प्रणाली सेल का गठन किया गया है। यह बिहार के उत्पाद को निर्यात करने के लिए समुचित सुविधा उपलब्ध कराता है।
कृषि सचिव ने बताया कि उद्यान एवं इससे संबंधित तीस स्टॉल महोत्सव में लगाए गए हैं। किशनगंज की चाय एवं औरंगाबाद की स्ट्रॉबेरी के स्टॉल लोगों को लुभा रहे हैं। बिहार में सेब की खेती शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध कृषक हरिमन शर्मा किसानों को सेब की खेती का प्रशिक्षण दे रहे हैं।