मुख्य समाचार

महोत्सव में नवगछिया के पवन को मिला विशिष्ट पुरस्कार

पटना। भागलपुर जिला के पवन कुमार सर्राफ (नवगछिया) राज्य के सर्वश्रेष्ठ बागवान घोषित किए गए हैं। उन्हें प्रमाणपत्र एवं मोमेंटो के साथ दस हजार रुपए का विशिष्ट पुरस्कार मिला है। दो दिवसीय बागवानी महोत्सव सह प्रतियोगिता के समापन के मौके पर पुरस्कारों की घोषणा की गई। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय ने महोत्सव का आयोजन राजधानी के वीर कुंवर सिंह पार्क में किया था।

कृषि विभाग के सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने विजेता किसान एवं संस्थाओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 854 किसान एवं पुष्प प्रेमियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। महोत्सव में उद्यान निदेशालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

महोत्सव में सामान्य रूप से उत्पादित फल, फूल, सब्जी के अलावा पॉली हाउस में उत्पादित सब्जी, शिमला मिर्च, चेरी टमाटर, सीड्लेस खीरा, ब्रोकली, रेड कैवेज, मशरूम, मखाना, विशिष्ट फल स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, रसभरी मकोई, शहद एवं पान को भी सम्मिलित किया गया।

इस अवसर पर सभी जिलों से आए किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि निदेशक सावन कुमार, उद्यान निदेशक नंद किशोर, संयुक्त निदेशक आभांशु सी. जैन एवं उप निदेशक डॉ राकेश कुमार मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें