पटना। मां ब्लड सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। सेंटर राजधानी के दरियापुर गोला में ब्रह्मस्थान मंदिर के निकट है। देश के पहले नॉन कॉमर्शियल ब्लड सेंटर का निर्माण मां वैष्णो देवी सेवा समिति के अंतर्गत किया गया है।
थैलीसीमिया, हीमोफीलिया, एप्लास्टिक एनीमिया एवं एचआईवी पीड़ित मरीजों को मुफ्त में सेंटर से ब्लड मिलेगा। अन्य मरीजों को पीएमसीएच कीे निर्धारित दर एवं वैसे मरीज जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होगी, उन्हें मुफ्त में ब्लड यहां से उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने वैष्णो देवी सेवा समिति के सार्थक पहल की सराहना की। सीएम ने बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष ओपी साह की प्रतिमा का भी अनावरण किया।

राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि रक्त एवं अंगदान से बड़ा कोई दान नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि समय पर ब्लड मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इस कड़ी में मां ब्लड सेंटर उपयोगी साबित होगा। कोरोना काल में सेवा समिति ने सामाजिक हित में काफी काम किया है और सरकार और समाज को हर संभव सहयोग दिया है। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपने विचारों को रखा।
महाराष्ट्र से प्रकाश नाडर अपना 119वां रक्तदान करने मां ब्लड सेंटर आये। उन्होंने कहा वैष्णो देवी सेवा समिति रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इसलिए उन्होंने बिहार आकर रक्तदान करने की पहल की।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से थैलीसीमिया ऑपरेशन से ठीक हुए 11 बच्चों की तरफ से मास्टर राहुल ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इस मौके पर एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र राणा भी उपस्थित रहेे।
उद्घाटन के बाद माता का जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मां वैष्णो देवी, कटरा में पचास साल से सेवा आरती कर रहे मुख्य पुजारी अमीर चंद एवं जम्मू के हृदयानंद गिरी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक मुकेश हिसारिया, अध्यक्ष सुशील सुंदरका, सचिव कमलेश सिंह एवं कोषाध्यक्ष सतीश अग्रवाल एवं समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
