भागलपुर/पटना/नई दिल्ली । भागलपुर में तीन मार्च की देर रात एक मकान में हुए बम विस्फोट से 14 लोगों की मौत हो गई। घटना शहर के तातारपुर थाना क्षेत्र के काजवलीचक मुहल्ले की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर में पटाखों के साथ बम भी बनाए जाते थे।
विस्फोट में चार घर ध्वस्त एवं समीप के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घायलों का इलाज मायांगज अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में तातारपुर थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर धमाके से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालात पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही घायल लोगों के समुचित इलाज का भी निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
