पटना। मैट्रिक की परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। इस बार 16 लाख 11 हजार 99 छात्रों ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी। परीक्षा में 79.88 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एवं शिक्षा विभाग ने मात्र 34 दिनों में परिणाम जारी किया है।
परीक्षा में पहला स्थान औरंगाबाद की रामायणी राय, दूसरा स्थान नवादा की सानिया कुमारी एवं मधुबनी के विवेक कुमार और तीसरा स्थान औरंगाबाद की प्रज्ञा कुमारी को मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार टॉप पांच में चार लड़कियां हैं। यह महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है। लड़कियों के लिए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं।