मुख्य समाचार

पांच अप्रैल से चैती छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान

पटना। चैती छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान पांच अप्रैल को नहाय-खाय से शुरू हो रहा है। पहले दिन श्रद्धालु चावल, चने की दाल एवं कद्दू की सब्जी प्रसाद के रूप में ग्रहण करेंगे।

छह अप्रैल को खरना होगा। इस दिन दूध एवं गुड़ से बनी खीर और घी युक्त रोटी प्रसाद के रूप में लिया जाएगा। सात अप्रैल को संध्या अर्घ्य एवं आठ अप्रैल को प्रातः अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा।

छठ व्रत के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन भी सजग है। जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक में छठव्रतियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार को संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

पटना शहरी क्षेत्र स्थित 26 घाटों को छठ पर्व के लिए उपयुक्त घोषित किया गया है। इनमें पटना सदर अनुमंडल अंतर्गत 14 घाट, पटना सिटी अंतर्गत सात एवं दानापुर अनुमंडल अंतर्गत पांच घाट है।

24 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है। इन खतरनाक घाटों पर श्रद्धालुओं का प्रवेश निषेध होगा। पांच अप्रैल की सुबह छह बजे से सभी घाटों पर वरीय दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

 


संबंधित खबरें