पटना। बिहार विधान परिषद की 24 सीटों के लिए मतदान चार अप्रैल को संपन्न हो गया। मतदान का प्रतिशत 97.84 रहा। सभी सीट स्थानीय प्राधिकार कोटे से हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर अपराह्न चार बजे संपन्न हुआ। इसके साथ ही 187 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। वोटों की गिनती सात अप्रैल को होगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच. आर. श्रीनिवास ने यह जानकारी दी।
विधान परिषद चुनाव के लिए सांसद, विधायक, विधान पार्षद, मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य वोटर रहे।
चुनाव के दौरान तीन विधायकों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में फुलवारीशरीफ (पटना) के विधायक गोपाल रविदास, कोढ़ा (कटिहार) की विधायक कविता पासवान एवं बरारी (कटिहार) के विधायक विजय सिंह पर एफआईआर दर्ज की गई है।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं रहने के कारण आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह मतदान नहीं कर सके। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इसकी जांच की मांग की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले यह जानकारी दी जाती है कि जिनका नाम गलत छपा हो या छूट गया हो। वह आपत्ति दर्ज कर इसमें सुधार करा सकते हैं।
मतदान का प्रतिशत : पटना 98.02 प्रतिशत, नालंदा 99.33, गया-जहानाबाद-अरवल 99.57, औरंगाबाद 99.8, नवादा 99.54, भोजपुर-बक्सर 99, रोहतास-कैमूर 99.49, सारण 94, सीवान 99.46, गोपालगंज 98.98, पश्चिमी चंपारण 98.93, पूर्वी चपंारण 91.7, मुजफ्फरपुर 99.49, वैशाली 99.67, सीतामढ़ी-शिवहर 99, दरभंगा 99.4
समस्तीपुर 97.99, मुंगेर-जमुई-लखीसराय-शेखपुरा 99.34, बेगूसराय-खगड़िया 97.86, सहरसा-मधेपुरा-सुपौल 98.38, भागलपुर-बांका 99.3, मधुबनी 95.76, पूर्णिया- अररिया-किशनगंज 98.38, कटिहार 99 प्रतिशत।