पटना/नई दिल्ली। बिहार के औद्योगीकरण की गति को और तेज करने एवं बैंकों से जुड़े कई विषयों को लेकर उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। उन्होंने बिहार में उद्योग लगाने में उनका सहयोग मांगा।
उद्योगमंत्री ने बताया कि वित्तमंत्री से मुलाकात में बिहार में पहले चरण में लगने जा रही सभी इथेनॉल यूनिट को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने, बिहार के सीडी रेशियो में और सुधार एवं बैंक से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से बात हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री ने बिहार में उद्योग क्षेत्र में हो रही प्रगति पर खुशी जाहिर की और केंद्र से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार को बैंकों से बहुत ज्यादा सहयोग की जरूरत है। बैंकों के सहयोग के बिना लक्ष्य प्राप्ति करना संभव नहीं है। वित्त वर्ष 2021-22 में सीडी रेशियो 50.18 प्रतिशत रहा। इसमें काफी सुधार की जरूरत है। बिहार में उद्योग लगाने के जिन प्रस्तावों को राज्य उद्योग प्रोत्साहन पर्षद से स्वीकृति मिल चुकी है। उनमें बैंकों को उत्साह दिखाना चाहिए।