मुख्य समाचार

550 करोड़ की लागत से बरौनी में पेप्सी बॉटलिंग प्लांट का शुभारंभ

बरौनी । बेगूसराय जिला के असुरारी (बरौनी प्रखंड) में पेप्सी बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। वरुण बेवरेजेज लिमिटेड ने रिकॉर्ड 11 महीने में 550 करोड़ की लागत से प्लांट का निर्माण किया है। इस मौके पर वरुण बेवरेजेज लिमिटेड के चेयरमैन रविकांत जयपुरिया, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन,प्रख्यात चिकित्सक डॉ नरेश त्रेहान एवं सीएम के प्रधान सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ मौजूद रहे।

वर्तमान प्लांट में करीब पांच सौ लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल चुका है, जबकि आठ सौ के करीब लोग अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार पा रहे हैं। विश्वस्तरीय इस प्लांट में अल्ट्रा हाई स्पीड मशीनों की सिर्फ एक प्रोडक्शन लाइन की क्षमता 10 लाख बॉटल प्रतिदिन है।

इस प्लांट में पेप्सी के सॉफ्ट ड्रिंक्स प्रोडक्ट पेप्सिको, सेवन अप, मिरिंडा, माउंटेन ड्यू, ड्रिंकिंग वॉटर एक्यूफिना एवं ट्रॉपिकाना और स्लाइस जैसे फ्रूट जूस और फ्रूट पल्प बेस्ड ड्रिंक्स का उत्पादन हो रहा है।

पेप्सी बॉटलिंग प्लांट का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में इस तरह का उद्योग पहली बार स्थापित हुआ है। यह प्लांट काफी अच्छा है। कम समय में यहां उत्पादन शुरू होना बड़ी बात है। हमने प्लांट की सभी चीजों को देखा है। यहां बननेवाले प्रोडक्ट का बिहार के साथ बाहर के लोग भी उपयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में 17 इथेनॉल प्लांट लगाने की स्वीकृति केंद्र सरकार से मिल चुकी है। राज्य सरकार इथेनॉल प्लांट की और अधिक स्वीकृति लेने में लगी है। आनेवाले समय में बिहार में और उद्योग लगेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग के लिए हमलोग शुरू से प्रयासरत थे। इसके लिए जिस तरह व्यवस्था की जरूरत थी। 2007-09 की केंद्र सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। अब केंद्र सरकार ने इजाजत दे दी है, तो इस तरह के उद्योग लगने शुरू हो गए हैं।

इस अवसर पर पेप्सी बॉटलिंग प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट एस.एन. भट्ट एवं टेक्निकल हेड आरजेएस बग्गा, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें