पटना। बोचहां (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार अमर कुमार पासवान विजयी रहे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की बेबी कुमारी को 36,653 मतों से पराजित किया। 12 अप्रैल को हुए मतदान में अमर पासवान को 82,562 जबकि बेबी कुमारी को 45,909 वोट मिले। उनके वोट का प्रतिशत क्रमशः 48.52 एवं 26.98 रहा।
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की गीता कुमारी को 29,279 (17.21 प्रतिशत) मत मिले। मतगणना में तीसरे स्थान पर रहने से बोचहां सीट वीआईपी के हाथ से निकल गई। उपचुनाव से पहले बीजेपी और वीआईपी में विवाद का फायदा आरजेडी को मिला।
2020 विधानसभा चुनाव में मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी एनडीए का हिस्सा थी। उस समय वीआईपी को बोचहां सीट भाजपा कोटे से मिली थी। चुनाव में मुसाफिर पासवान विजयी हुए । उनके निधन से यह सीट नवंबर 2021 से रिक्त थी।
कांग्रेस का प्रदर्शन उपचुनाव में काफी खराब रहा। कांग्रेस उम्मीदवार तरूण चौधरी को मात्र 1336 मतदाताओं का साथ मिला। निर्दलीय दो उम्मीदवार नरेश कुमार (1595 वोट ) एवं विजय चौधरी (1392 वोट) कांग्रेस प्रत्याशी से बेहतर स्थिति में रहे।
उपचुनाव में पड़े 1,70,159 वोट में 2967 ने नोटा का प्रयोग किया। 1,67,152 मतदाताओं ने ईवीएम और 40 ने पोस्टल के जरिए मतदान किया।