मुख्य समाचार

24 अप्रैल को रोटरी पाटलिपुत्र आई हॉस्पिटल का उद्घाटन

पटना। महावीर वात्सल्य अस्पताल भवन में महावीर रोटरी पाटलिपुत्र आई हॉस्पिटल 24 अप्रैल (रविवार) से शुरू हो जाएगा। महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय संयुक्त रूप से आंखों के इस विशिष्ट अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। रोटरी 3250 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतीम बनर्जी समारोह में मौजूद रहेंगे।

रोटरी पाटलिपुत्र के सहयोग से लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से इस अस्पताल को तैयार किया गया है। अध्यक्ष जेपी तोदी का कहना है कि यहां मरीजों का इलाज और ऑपरेशन किफायती दरों पर होगा। आई हॉस्पिटल महावीर वात्सल्य अस्पताल भवन की चौथी मंजिल पर शुरू हो रहा है। इसके शुरू होने पर महावीर वात्सल्य अस्पताल में आंखों के ओपीडी से लेकर ऑपरेशन और चश्मा तक चौथी मंजिल पर उपलब्ध रहेंगे।

ऑपरेशन के लिए मरीज वार्ड में भर्ती होंगे। महावीर वात्सल्य अस्पताल के आंख विभाग के हेड डॉ अभिषेक गोलवारा ने बताया कि नये आई हॉस्पिटल में आधुनिक मशीनों से आंखों का इलाज होगा। ग्लूकोमा के अलावा रेटिना की भी जांच आधुनिक मशीन से होगी। रेटिना का ऑपरेशन महावीर नेत्रालय अस्पताल में होगा।

महावीर रोटरी पाटलिपुत्र आई हॉस्पिटल में सभी तरह की सर्जरी फेको विधि से होगी। नया अस्पताल पूर्ण रूप से एसी होगा। इसमें आई ओपीडी, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर, छह बेड का आई वार्ड एवं ऑप्टिकल शॉप आदि सुविधाएं होंगी। यहां रियायती दरों पर चश्मे दिए जाएंगे। पूर्ण स्वचालित मशीन से चश्मे के नंबर की जांच होगी।

महावीर अस्पतालों में रोटरी का चौथा प्रोजेक्ट : रोटरी ग्लोबल ग्रांट्स के चेयरमैन बिपिन चाचान ने बताया कि महावीर मंदिर न्यास के अस्पतालों में रोटरी क्लब का यह चौथा प्रोजेक्ट है। महावीर आरोग्य संस्थान में डायलिसिस सेंटर, महावीर वात्सल्य अस्पताल में ब्लड बैंक विथ सेपरेटर और महावीर हार्ट हॉस्पिटल में वेंटिलेटर और डायलिसिस मशीन लग चुकी है।

 


संबंधित खबरें