पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान का आयोजन 24 अप्रैल से एक मई तक किया जाएगा। बिहार में इस अभियान से किसानों के पास और अधिक किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध होंगे।
कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान का मुख्य उद्देश्य किसान क्रेडिट कार्ड वितरण के साथ किसानों को राज्य में संचालित सभी योजनाओं के अंतर्गत लाभ एवं सुविधा उपलब्ध कराना है।
अभियान में जिला प्रशासन, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन एवं राजस्व विभाग के कर्मियों के साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी बैंक, सहकारी बैंक, पैक्स एवं नाबार्ड के पदाधिकारी भी अभियान में सक्रिय भूमिका देंगे।