मुख्य समाचार

बाबू वीर कुंवर के विजयोत्सव में शामिल हुए अमित शाह

आरा/पटना। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने बिहार पहुंचे। विजयोत्सव का आयोजन भोजपुर जिला के जगदीशपुर में किया गया था। इस मौके पर 75 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ तिरंगा लहराया।  

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वीर कुंवर सिंह ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने 80 साल की उम्र में आरा से लेकर अयोध्या तक और वहां से बलिया होते हुए आरा तक विजय पताका फहराई। उनके हाथ में ब्रिटिश हुकूमत की गोली लगने से गैंगरीन होने का डर था। इस कारण उन्होंने ख़ुद अपना हाथ काटकर गंगा में समर्पित कर दिया। ऐसा साहस कुंवर सिंह के अलावा किसी में नहीं हो सकता।

अमित शाह ने कहा कि आज यहां बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर बाबू कुंवर सिंह को श्रद्धांजलि देने आए हैं। यह देख मैं हतप्रभ हूं कि वह व्यक्ति कैसा था कि शहीद होने के 163 साल बाद भी लाखों लोग कड़ी धूप में उन्हें श्रद्धांजलि देने आए हैं। इतिहास ने बाबू कुंवर सिंह के साथ जो भी अन्याय किया हो, लेकिन आज भी लोगों में उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।

बाबू वीर कुंवर सिंह बहुत बड़े समाज सुधारक भी थे। उन्होंने पिछड़े और दलितों का कल्याण करने का विचार उस जमाने में देश के सामने रखा था।

जगदीशपुर जाने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वागत किया। राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं संजय कुमार झा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद संजय जायसवाल, पूर्व सांसद डॉ सीपी ठाकुर समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया।

 


संबंधित खबरें