मुख्य समाचार

ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनाने के लिए सरकार तैयार : उद्योग मंत्री

पटना। बिहार में उद्योग को तेजी से बढ़ाने के लिए सरकार हर सेक्टर की पूरी मदद करने के लिए तैयार है। बिहार में आभूषण निर्माण को बढ़ावा देने के लिए अगर इस सेक्टर से जुड़े उद्योगपति या कारोबारी ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग पार्क की जरूरत महसूस करेंगे, तो राज्य सरकार इसके लिए तैयार है।

उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने ये बातें ज्ञान भवन में बिजनेस टू बिजनेस आभूषण प्रदर्शनी ज्वेलरी कनेक्ट के शुभारंभ के मौके पर कहीं। तीन दिवसीय प्रदर्शनी में बिहार और बाहर के कई आभूषण निर्माता शिरकत कर रहे हैं।

उद्योग मंत्री ने कारोबारियों से कहा कि बिहार में सिर्फ बेचिए नहीं बल्कि बनाइए भी। आभूषण निर्माताओं को सरकार प्लग एंड प्ले फैसिलिटी देने के लिए तैयार है। इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2016 के तहत उन्हें लाभ मिलेगा।

देश में पश्चिम बंगाल के बाद हीरा या आभूषण निर्माण में जुटे सबसे ज्यादा कारीगर बिहार से हैं। बिहार के कारीगरों को रोजगार मुहैया कराने पर सरकार प्लग एंड प्ले सुविधाएं देकर बिहार में आभूषण निर्माण को बढ़ावा देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी और सड़क के बाद उद्योग क्षेत्र से जुड़े आधारभूत संरचना के विकास के लिए उनका विभाग काम कर रहा है।

आभूषण निर्माताओं ने कहा कि बिहार उनके लिए निर्माण का नया डेस्टिनेशन हो सकता है। इस पर वह सकारात्मकता से विचार कर आगे बढ़ेंगे। प्रदर्शनी में शामिल होने वालों में चारू जैन एंड ज्वेलर्स, वीटीएल, वीएनआईटी, कोटा वाला, ज्वेल्स ऑफ राजपूताना, वृंदावन ज्वेलर्स एवं अन्य हैं।

बिजनेस टू बिजनेस आभूषण प्रदर्शनी में मुंबई, दिल्ली, राजकोट, अमृतसर, कटक एवं कोयंबटूर समेत कई शहरों से करीब सौ आभूषण निर्माण कंपनियों ने अपने बेहतरीन उत्पाद पेश किए हैं।

 


संबंधित खबरें