पटना। रेमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित जलपुरुष डॉ राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बिहार संवाद यात्रा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा पटना से शुरू होकर सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा एवं मधुबनी तक जाएगी।
बिहार संवाद यात्रा वसुधैव कुटुंबकम के विचार को केंद्र में रखते हुए पर्यावरणीय चेतना को जगाने के लिए राज्य और समाज के बीच संवाद करेगी। यात्रा का संयोजन पर्यावरण प्रेमी एवं जल प्रहरी मनोहर मानव कर रहे हैं। इस अवसर पर बिहार संवाद यात्रा का प्रतिवेदन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

जल बिरादरी, आदर्श लोक कल्याण संस्थान एवं इंडियन हिमालयन रिवर बेसिन काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में यात्रा का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने बिहार संवाद यात्रा की सफलता की कामना करते हुए डॉ राजेंद्र सिंह को अपनी शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू की गई है। बिहार की इस पहल से देश और दुनिया को प्रेरणा मिल रही है।
प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ राजेंद्र सिंह बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाये जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रशंसक हैं। उनका कहना है कि जल को संरक्षित और हरियाली को बढ़ावा देकर हमलोग आने वाली पीढ़ी की रक्षा कर सकेंगे। इस अवसर पर पर्यावरण प्रेमी एआर शाहिन कासमी, अर्पणा त्रिपाठी एवं अरविंद कुशवाहा भी मौजूद रहे।
