मुख्य समाचार

वाणिज्य-कर अधिकारियों के क्षमतावर्धन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम

पटना। मुख्य सचिवालय परिसर स्थित एनेक्सी भवन में वाणिज्य-कर अधिकारियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के साथ प्रशिक्षण 29 अप्रैल तक चलेगा।  

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सह वाणिज्य-कर मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बेहतर परफॉर्मेंस के लिए प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम बेहद उपयोगी होते हैं। आईसीएआई के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम से कर संग्रहण की कार्य योजना कारगर होगी। प्रशिक्षण में विभाग के 90 पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 कोरोना के कारण देश की अर्थव्यवस्था के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद वाणिज्य-कर विभाग ने आंकड़ों के सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर तैयार कार्य योजना से पिछले वर्ष की तुलना में 11.85 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए विभागीय सचिव एवं अधिकारी बधाई के पात्र हैं।

अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान जीएसटी से संबंधित इनपुट टैक्स क्रेडिट ऑडिट, फाइनेंशियल स्टेटमेंट विश्लेषण, बीमा, बैंकिंग एवं रियल एस्टेट सेक्टर से संबंधित जानकारी मिल रही है। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरी तन्मयता के साथ भाग लें।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान वाणिज्य-कर विभाग की सचिव सह आयुक्त डॉ प्रतिमा, आईसीएआई के चेयरमैन राजेंद्र कुमार, वाइस चेयरमैन राम शंकर, सचिव पलक झा, कोषाध्यक्ष सोनू कुमार एवं विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें